गलवान से अरुणाचल तक चीन के आगे झुकती जा रही मोदी सरकार

अक्टूबर 2012 में अरुणाचल प्रदेश में भारत-चीन सीमा के बुमला दर्रे पर भारतीय सेना के जवान निगरानी करते हुए. (बीजू बोरो / एएफ़पी / गैटी इमेजिस)

We’re glad this article found its way to you. If you’re not a subscriber, we’d love for you to consider subscribing—your support helps make this journalism possible. Either way, we hope you enjoy the read. Click to subscribe: subscribing

जून 2020 में गलवान घाटी में चीनी सैनिकों के साथ हुई झड़प में 20 भारतीय सैनिकों की मौत हुई थी. सलमान ख़ान ने इसी घटना पर फ़िल्म बनाने की घोषणा की थी. लेकिन अब फ़िल्म का नाम बैटल ऑफ़ गलवान से बदलकर मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस कर दिया गया है. फ़िल्म के क़रीब 40 प्रतिशत हिस्से की दोबारा शूटिंग करनी पड़ी, ताकि उसमें चीन का सीधा ज़िक्र और गलवान की घटना से जुड़े प्रत्यक्ष संदर्भ हटाए जा सकें. अब फ़िल्म की कहानी राष्ट्रवादी सैन्य टकराव के बजाए युद्ध की मानवीय कीमत पर केंद्रित है.

ये बदलाव रक्षा मंत्रालय के नए निर्देश के बाद किए गए. मंत्रालय ने पहले फ़िल्म की पटकथा को मंजूरी दी थी, लेकिन अब उसका मानना है कि मौजूदा समय में चीन को दुश्मन के रूप में दिखाना उचित नहीं है. नरेन्द्र मोदी चीन के साथ संबंध सुधारने की कोशिश कर रहे हैं और साथ ही इस बात पर भी नियंत्रण रखना चाहते हैं कि हम भारतीयों की स्मृतियों में देश के सैनिकों की मौत से जुड़ी घटनाओं को किस तरह उनकी राजनीति के आईने में दर्ज रखा जाए.

गलवान में मारे गए सैनिक गुरतेज सिंह की बहादुरी पर आधारित फ़िल्म द लायन ऑफ़ गलवान के निर्माताओं ने सरकार के आदेश के बाद फ़िल्म बनाने का काम रोक दिया. उनका मानना था कि वास्तविक लड़ाई और उसके भू-राजनीतिक संदर्भ को सही ढंग से दिखाए बिना फ़िल्म बनाने का कोई मतलब नहीं रह जाता. इसकी तुलना चेतन आनंद की 1964 में बनी चर्चित फ़िल्म हक़ीक़त से की जा सकती है, जो 1962 के भारत-चीन युद्ध पर आधारित थी और जिसे रक्षा मंत्रालय का व्यापक सहयोग मिला था. मोदी के शासन में भारत ऐसी स्थिति में पहुंच गया है, जहां हाल के सैन्य टकराव में दुश्मन देश का नाम लेना भी राजनीतिक संवेदनशीलता और कूटनीतिक हितों के आड़े आने लगा है.

सलमान ख़ान की फ़िल्म के टीज़र को चीन में ऑनलाइन ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था. चीन के सरकारी अख़बार, ग्लोबल टाइम्स, ने दावा किया कि यह फ़िल्म तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश करती है और चीन-विरोधी भावना को बढ़ावा देती है. चीन के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म वीबो पर भी लोगों ने बॉलीवुड पर इतिहास को ग़लत ढंग से पेश करने और ऐतिहासिक तथ्यों का उल्लंघन करने का आरोप लगाया.

Thanks for reading till the end. If you valued this piece, and you're already a subscriber, consider contributing to keep us afloat—so more readers can access work like this. Click to make a contribution: Contribute