We’re glad this article found its way to you. If you’re not a subscriber, we’d love for you to consider subscribing—your support helps make this journalism possible. Either way, we hope you enjoy the read. Click to subscribe: subscribing
भारी-भरकम कढ़ाई वाली हरी साड़ी पहने हुए घोड़े पर सवार लक्ष्मीबाई ईस्ट इंडिया कंपनी के आधिकारिक बंगले के परिसर में प्रवेश करती हैं. एक अधिकारी उनसे कहता है, "तुम अनुमति के बिना अंदर नहीं आ सकती.” इधर-उधर से अन्य अधिकारियों की आवाजें आती हैं: "क्या तुमने बोर्ड नहीं देखा? ब्लडी इंडियन.” एक अन्य अधिकारी पूछता है, "क्या तुम्हें अंग्रेजी पढ़नी नहीं आती?" झांसी रियासत की रानी घोड़े से उतरकर गुस्साए हुए अधिकारियों के पास जाती हैं और उन्हें जवाब देती हैं, "मैं अंग्रेजी पढ़ सकती हूं. यह मात्र एक भाषा है. केवल कुछ शब्द. संस्कृति से कटे शब्दों का कोई अर्थ नहीं होता है."
यह कंगना रनौत द्वारा अभिनीत और सह-निर्देशित फिल्म 'मणिकर्णिका: द क्वीन ऑफ झांसी' (2019) का एक दृश्य है. लक्ष्मीबाई को 1857 में अंग्रेजों के खिलाफ हुए विद्रोह के एक प्रमुख नाम के साथ-साथ अक्सर शक्ति और प्रतिरोध के राष्ट्रवादी प्रतीक के रूप में प्रस्तुत किया जाता है. फिल्म की राजनीति एकदम स्पष्ट है: ब्रिटिश बुराई का प्रतीक हैं और विदेशी आक्रमणकारियों की क्रूरता से लड़ने के लिए उदार भारतीय राजपरिवार ही गांव के गरीब लोगों के पालनहार हैं.
लक्ष्मीबाई अधिकारियों पर क्रोधित है क्योंकि वे एक किसान से हथियाए हुए बछड़े के मांस से बना पकवान ‘स्टेक’ खाने वाले हैं. वह उन्हें ललकारती है, "जिस धरती पर तुम खड़े हो, उसके लोगों और उनकी भावनाओं का सम्मान करना सीखो. हमारी मातृभाषा हमारी मां है और मां केवल एक ही होती है." इसके बाद वह अपनी तलवार फेंक कर एक बाड़े से गायों और बकरियों को आजाद कर देती है और वहां मौजूद अधिकारियों को अपना फैसला सुनाते हुए कहती है, "आज से सभी मवेशी और बकरियां राजा की निजी संपत्ति हैं. इन्हें लोगों को सौंपा गया है, ताकि वे इन्हें पाल सकें. कंपनी इन जानवरों को हाथ भी नहीं लगा सकती." अंग्रेज अधिकारी बिना किसी विरोध के इस फैसले को स्वीकार करते हैं. उनमें से एक कहता है "जी, महामहिम (योर मेजेस्टी)".
बमुश्किल दो मिनट के इस दृश्य में रनौत और उनके साथी सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी और उसके मूल संगठन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा प्रायोजित मुद्दों के साथ खड़े नजर आते हैं. इसमें गाय का सम्मान, भारत की राष्ट्रीय भाषा के रूप में हिंदी को थोपना और मनमौजी इतिहास को बढ़ावा देने जैसे मुद्दे शामिल हैं, जिन्हें आरएसएस के हिंदू राष्ट्र के लक्ष्य की सेवा में लगाया जा सकता है.
Thanks for reading till the end. If you valued this piece, and you're already a subscriber, consider contributing to keep us afloat—so more readers can access work like this. Click to make a contribution: Contribute